रोहतक : चन्द्रिका ( TSN)- भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविन्द शर्मा ने प्रदेश में कई जगहों पर भाजपा प्रत्याशियों के विरोध के बहाने से कांग्रेस पार्टी पर अब तक का सबसे बड़ा जुबानी हमला बोला है। डॉ अरविंद शर्मा का आरोप है कि भाजपा प्रत्याशियों के विरोध के पीछे कांग्रेस पार्टी के नेताओं का ही दिमाग है। कांग्रेस, किसानों की आड़ लेकर अराजकता का माहौल बनाना चाहती है।
कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान के भाषण को लेकर भी खड़े किए सवाल
भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविन्द शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस पार्टी पर कई बड़े आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि महम हलके में जिन लोगों ने मेरा विरोध किया उनके हाथों में ईंट, पत्थर और लाठी, डंडे थे। ये सभी कांग्रेस द्वारा प्रायोजित विरोध था। उन्होंने कुछ फोटोग्राफ्स भी मीडिया को पेश किए, जिनमें दिखाई देने वाले लोगों को उन्होंने अपना विरोध करने वाला बताया और सवाल खड़ा किया कि अगर ये किसान हैं तो फिर कांग्रेस नेता भुपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी आशा हुडडा और दीपेंद्र हुड्डा और बलराम दांगी जैसे नेताओं के साथ इनके फोटो को क्या समझे। डॉ शर्मा ने हाल ही में बेरी में हुई एक जनसभा में कांग्रेस विधायक डॉ रघुबीर कादियान के एक बयान के बहाने भी कांग्रेस पार्टी पर जमकर शब्दों के तीर चलाएं। उन्होंने कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और महम के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता आनंद सिंह दांगी के बयान का हवाला भी दिया और सीधा-सीधा आरोप लगाया कि ये लोग प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं लेकिन जनता में ये बेनकाब हो चुके हैं और लोगों को हकीकत मालूम हो चुकी है।







