हरियाणा ( TSN)- हरियाणा सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर जिला करनाल में आयोजित अंत्योदय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2024 से प्रदेश में सामाजिक पेंशन के लाभार्थियों को 3 हजार मासिक पेंशन मिलेगी। वर्तमान में यह पेंशन राशि 2750 रुपए है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीरवार को अंत्योदय महासम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अमित शाह का आने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन 9 वर्षों में राज्य सरकार ने प्रदेश के पंक्ति में खड़े हुए अंतिम व्यक्ति, गरीब, मजदूर, किसान, छोटा व्यापारी इत्यादि, जिनकी सालाना आय बहुत कम है, उनके कल्याण के लिए विशेष योजनाएं चलाई हें। अंत्योदय महासम्मेलन इन योजनाओं का ही एक प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से 9 वर्ष पहले की सरकारों के कार्यकाल में प्रदेश में निराशा, अवसाद, भाई भतीजावाद का माहौल था। बिचौलिये काम करते थे और जाति और वर्ग का बोलबाला था। हमारी सरकार ने इन सारी व्यवस्था को बदलने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबी हटाओ का नारा दिया। कभी 4 सूत्रीय कार्यक्रम, कभी 20 सूत्रीय कार्यक्रम चलाए। असल में वे लोग गरीबों के साथ 420 का खेल खेलते रहे। लेकिन अब जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी।
अपनी बात लिख कर पहुंचाए सीएम आवास पर… उनकी बात मैं स्वयं पढूंगा
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के लोग कहते हैं कि जब हम आएंगे तो पोर्टल खत्म कर देंगे, परिवार पहचान पत्र खत्म कर देंगे। मैं वास्तव में उन्हें शुभकामनाएं देता हूं कि वे लोग इस बात को लगातार बोलते रहें, क्योंकि जितना ज्यादा वे बोलेंगे, उतना अधिक जनता को इस बात का पता चलेगा कि उन्हें इन योजनाओं से इतना लाभ हो रहा है। जितना ज्यादा विपक्ष के लोग बोलते रहेंगे उतना ही जनता उन्हें खत्म कर देगी । उन्होंने कहा कि इस महासम्मेलन में आए हुए लोगों को एक किट दी जाएगी, जिसमें एक कैलेंडर, एक रजिस्टर और एक पोस्ट कार्ड मिलेगा, जिस पर मुख्यमंत्री आवास का पता लिखा होगा। यदि किसी व्यक्ति के मन में कोई भी बात हो तो वो अपनी बात लिख कर मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचा दें, उनकी बात मैं स्वयं पढूंगा और उस पर संज्ञान लूंगा।
केन्द्रीय गृह मंत्री बोले…विकास कैसे होता है, कांग्रेस पार्टी पीएम व मनोहर लाल से सीखे
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने हरियाणा की पावन धरती को प्रणाम करते हुए कहा कि हरियाणा किसानों व वीरों की भूमि है। यहां पर किसान देश का अन्न भंडारण भरता है तो वहीं जवान सीमाओं की रक्षा करता है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकाल में राम मंदिर के निर्माण को वर्षों तक लटकाये रखा। हरियाणा की जनता ने बीजेपी के पक्ष में दूसरी बार जनाधार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता सौंपी और अब वे 22 जनवरी 2024 में अयोध्या में राम मंदिर का शुभारंभ करने जा रहे है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि विकास कैसे होता है, कांग्रेस पार्टी नरेन्द्र मोदी व मनोहर लाल की डबल इंजन सरकार के एक-एक पृष्ठ को पलट कर देख लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल बधाई के पात्र है कि चाहे सरकार की वर्षगांठ हो या हरियाणा दिवस की स्थापना का अवसर हो हर अवसर को गरीब कल्याण के उद्देश्य से मनाते इससे अच्छा तरीका कोई हो नहीं सकता। मनोहर लाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत को साकार कर रहे है ।
आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जिताए
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पीठ थपथपाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा में बीजेपी सरकार ने बडा परिवर्तन लाते हुए हरियाणा को एक विकसित राज्य बनाने का काम किया। हरियाणा जैसे प्रदेश से भ्रष्टाचार को समाप्त करना, कानून व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखना एक कठिन चुनौती थी जिसे मनोहर लाल ने बखूबी तरीके से पूरा किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में लोगों से बीजेपी को जिताने का भी आह्वान किया ।







