भिवानी। शहर की बिजली बोर्ड कॉलोनी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवजात बच्चा पेड़ पर काली थैली में लटका मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम और एंबुलेंस की मदद से नवजात को सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवजात करीब एक दिन का बताया जा रहा है और उसके शरीर पर जन्म के बाद की नाल भी बंधी हुई थी। सुबह करीब 5 बजे तक मौके पर ऐसी कोई स्थिति नजर नहीं आई थी। करीब साढ़े 5 बजे कॉलोनी से गुजर रहे लोगों ने पेड़ पर काली थैली लटकी देखी। पास जाकर देखने पर उसमें नवजात बच्चा मिला और उसके रोने की आवाज सुनाई दे रही थी।
बिजली कर्मचारी संघ के प्रधान धर्मवीर भाटी ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने अन्य लोगों के साथ पुलिस और एंबुलेंस को जानकारी दी। बाहर ठंड में रहने के कारण बच्चे का शरीर ठंडा पड़ गया था। इसके बाद उसे तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
मॉर्निंग वॉक पर निकले बिजली बोर्ड के लाइनमैन राजकुमार ने बताया कि उन्हें कॉलोनी के लोगों से नवजात के पेड़ पर थैली में लटके होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद टोल फ्री नंबर पर सूचना देकर एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। एंबुलेंस से बच्चे को अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया।
बच्चे को वहां कौन छोड़कर गया, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन लेकर आया था और किन परिस्थितियों में उसे पेड़ पर लटकाकर छोड़ा गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नवजात के माता-पिता तथा उसे वहां छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।







