हिसार। मानसून की विदाई के साथ हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। 23 और 24 सितंबर को प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान हरियाणा के अधिकांश हिस्सों से मानसून की वापसी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, 25 सितंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अंबाला और पंचकूला समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 27 और 28 सितंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते हरियाणा के साथ दिल्ली और एनसीआर में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि इस समय बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। हालांकि, राजस्थान के ऊपर प्रतिचक्रवात बनने और पश्चिमी गर्म हवाओं के प्रभाव से मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो रही हैं।
प्रतिचक्रवात के दौरान हवा ऊपर उठने के बजाय नीचे की ओर आती है। इससे वातावरण में स्थिरता बढ़ती है और बादलों के बनने तथा बारिश की गतिविधियों में कमी आती है। इसी वजह से मानसून की विदाई के बाद हरियाणा में मौसम के शुष्क होने की संभावना है।
मानसून की वापसी के साथ बारिश की गतिविधियां कम होने पर वातावरण में नमी भी घट सकती है। वहीं, पश्चिमी गर्म हवाओं और प्रतिचक्रवात के प्रभाव से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना है। हालांकि, 25 सितंबर और फिर 27-28 सितंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिल सकता है।







