Home Haryana हरियाणा के मीटर रीडर अनिल विज के आवास पहुंचे, नौकरी सुरक्षा समेत...

हरियाणा के मीटर रीडर अनिल विज के आवास पहुंचे, नौकरी सुरक्षा समेत रखीं कई मांगें

18
0

अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में बिजली मीटर रीडर अपनी मांगों को लेकर अंबाला पहुंचे। मीटर रीडरों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज के आवास के बाहर एकत्र होकर अपनी लंबित मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। कर्मचारियों ने नौकरी की सुरक्षा, ठेका प्रथा समाप्त करने और उन्हें सीधे बिजली विभाग के रोल पर लेने की मांग प्रमुखता से उठाई।

मीटर रीडरों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से बिजली विभाग से जुड़े कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। हालांकि, स्मार्ट मीटर और डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें नौकरी जाने का डर सता रहा है। उन्होंने मांग की कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने के कारण किसी भी कार्यरत मीटर रीडर को काम से न हटाया जाए।

मीटर रीडरों ने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर के चलते उनकी मौजूदा जिम्मेदारियां कम होती हैं तो उन्हें बिजली विभाग के अन्य तकनीकी या फील्ड कार्यों में समायोजित किया जाए, ताकि वर्षों से काम कर रहे कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित रह सके।

इसके अलावा मीटर रीडरों ने आउटसोर्सिंग और ठेका व्यवस्था खत्म करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि ठेकेदारों और बिचौलियों के माध्यम से काम करने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी मीटर रीडरों को ठेकेदारी व्यवस्था से बाहर निकालकर सीधे बिजली विभाग के रोल पर लेने की मांग की।

मीटर रीडरों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज से उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि सरकार उनकी नौकरी की सुरक्षा और अन्य मांगों पर उचित कदम उठाएगी। इस दौरान मीटर रीडर जरनेल सिंह और सोनू नैन ने भी अपनी मांगों को लेकर जानकारी दी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here