Home Haryana KMP पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को कैंटर ने मारी टक्कर: दो...

KMP पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को कैंटर ने मारी टक्कर: दो महिलाओं की मौत, 24 घायल

10
0

बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा मांडोठी गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त पिकअप से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गुमथल गांव से श्रद्धालुओं का एक समूह पिकअप गाड़ी में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी धाम में दर्शन के लिए गया था। दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु वापस चंदौसी की ओर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह जब उनकी गाड़ी मांडोठी गांव के पास केएमपी एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी पीछे से आए एक कैंटर ने पिकअप को टक्कर मार दी।

घायलों के मुताबिक, हादसे के समय पिकअप की रफ्तार कम थी। आरोप है कि कैंटर चालक ने पीछे से तेज गति में टक्कर मारी। टक्कर के बाद चालक कैंटर समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार चालक की तलाश में जुटी है।

हादसे में गुमथल गांव निवासी सुमन और गायत्री की मौत हो गई। दोनों महिला श्रद्धालुओं के शव झज्जर के नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवाए गए हैं। हादसे में 24 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। गुमथल गांव के करीब 10 से 12 लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। इनमें से कई घायलों को गंभीर हालत के चलते पीजीआई रोहतक भेजा गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य संभाला। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर केएमपी एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार कैंटर चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here