Home Haryana सफाई कर्मचारियों के समर्थन में झज्जर पहुंची CJP टीम, सोशल मीडिया ट्रेनिंग...

सफाई कर्मचारियों के समर्थन में झज्जर पहुंची CJP टीम, सोशल मीडिया ट्रेनिंग दी

11
0

झज्जर। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम झज्जर पहुंची। दिल्ली और हरियाणा से आए संगठन के पदाधिकारियों ने धरना स्थल पर कर्मचारियों से मुलाकात की और करीब एक घंटे तक उन्हें सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर प्रशिक्षण दिया। इस दौरान कर्मचारियों को मोबाइल से वीडियो बनाने, कैमरे के सामने अपनी बात रखने और आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों को सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाने की जानकारी दी गई।

CJP पदाधिकारियों ने कहा कि मौजूदा डिजिटल दौर में सोशल मीडिया आम लोगों और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। कर्मचारियों को सलाह दी गई कि वे अपने आंदोलन, मांगों, धरने और सरकार के साथ होने वाली बातचीत से संबंधित वास्तविक जानकारी स्वयं सोशल मीडिया पर साझा करें। उनका कहना था कि नियमित और सकारात्मक तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने से आंदोलन की पहुंच बढ़ाई जा सकती है और लोगों को सीधे जमीनी स्थिति की जानकारी मिल सकती है।

इस दौरान CJP की टीम ने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी मांगों, आंदोलन की मौजूदा स्थिति और सरकार से उनकी अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली। टीम ने कुछ कर्मचारियों के इंटरव्यू भी रिकॉर्ड किए, जिन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना है। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी मांगों को सामने लाने के लिए डिजिटल माध्यम का बेहतर उपयोग किया जा सकता है।

झज्जर में CJP हरियाणा टीम की पहली बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूत करने, जमीनी गतिविधियों को बढ़ाने और आम लोगों से सीधे जुड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में स्कूल सुधार अभियान को गति देने, हरियाणा में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और जनता की राय जानकर उनकी समस्याओं को समझने जैसे मुद्दों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।

पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए जमीनी स्तर पर लोगों से संपर्क करना और उनकी समस्याओं को समझना बेहद जरूरी है। इसी आधार पर भविष्य के अभियानों और गतिविधियों की दिशा तय की जाएगी। CJP नेताओं ने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन देते हुए उनकी मांगों को प्रभावी तरीके से सामने लाने में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। साथ ही कर्मचारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठाने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी एवं सकारात्मक तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की।

CJP के इंडिया नॉर्थ एंड ईस्ट जोन इंचार्ज अंकित भारद्वाज ने आरोप लगाया कि संगठन की बैठक में शामिल होने से उनके कुछ साथियों को रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि कुछ साथियों को पुलिस की ओर से फोन किए गए और बैठक में शामिल नहीं होने के लिए दबाव बनाया गया। भारद्वाज ने कहा कि इस तरह के दबाव के बावजूद संगठन अपने अभियान और गतिविधियों को जारी रखेगा।

बैठक और कार्यक्रम के दौरान अंकित भारद्वाज, डॉ. विवेक सांगवान और अजय देशवाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन की ओर से कहा गया कि आने वाले दिनों में हरियाणा में जमीनी स्तर पर गतिविधियों को और विस्तार दिया जाएगा तथा लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here