कैथल (एकता): हरियाणा में वैसे तो कई धार्मिक स्थल हैं। लेकिन यहां हर धार्मिक स्थलों और गुरुद्वारों का अपना ही खास महत्व और इतिहास है। हरियाणा में स्थित इन गुरुद्वारों में दूर-दूर से सैलानी घूमने आते हैं। ऐसे ही एक गुरुद्वारे के बारे में आज हम आपको बताे जा रहे हैं। यह गुरुद्वारा नीम साहिब और मंजी साहिब श्रद्धालु के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।

बता दें कि दिल्ली जाते समय श्री गुरु तेग बहादुर जी यहां पर तीन दिन तक रुके और यहां पर लोगों को ज्ञान दिया। मीडिया सूत्रों के अनुसार मान्यता है कि इस गुरुद्वारे में स्थित नीम के नीचे गुरुजी रुके थे, जहां उन्होंने सत्संग किया था। दोनों ही गुरुद्वारों की काफी मान्यता है। यहां पर देशभर से सिख श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं।

जानकारी के मुताबिक गुरुद्वारा नीम साहिब शहर के डोगरा गेट पर स्थित है। यहां सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर जी दिल्ली जाते समय यहां रुके थे और उन्होंने नीम के वृक्ष के नीचे बैठकर तपस्या की थी। गुरुद्वारे में स्थापित सरोवर में श्रद्धालु अमावस्या के दिन सुबह के समय स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय के बाद गुरुद्वारे का निर्माण इस जगह पर हुआ। दूरदराज से सभी समुदाय के लोग यहां माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं और इस गुरुद्वारे में निर्मित सरोवर में डुबकी लगाते हैं।







