अंकुर कपूर, अंबाला | सावन माह की शुरुआत से पहले डाक विभाग ने शिव भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की है। जो श्रद्धालु हरिद्वार जाकर गंगाजल नहीं ला सकते, उनके लिए इस बार भी डाकघरों के माध्यम से गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा शिवरात्रि के अवसर पर अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर के प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर विशेष स्टॉल लगाकर भी श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।
सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लाकर शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं, जबकि कई लोग धार्मिक आयोजन और सेवा कार्यों के माध्यम से भगवान शिव की भक्ति में लीन रहते हैं। ऐसे में उन श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने गंगाजल वितरण की व्यवस्था की है, जो किसी कारणवश हरिद्वार नहीं जा पाते।
अंबाला कैंट के प्रवर अधीक्षक डाकघर विजय कुमार ने बताया कि डाक विभाग ने गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। गंगाजल प्रमुख डाकघरों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि गंगाजल की बिक्री किसी व्यावसायिक उद्देश्य से नहीं की जाती और इसके लिए केवल बोतल एवं परिवहन से संबंधित वास्तविक खर्च ही लिया जाता है। श्रद्धालुओं को विशेष पैकिंग वाली बोतलों में गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा।
विजय कुमार ने कहा कि शिवरात्रि के दिन अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर के प्रमुख मंदिरों के बाहर भी विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां शिव भक्त आसानी से गंगाजल प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब दो हजार अतिरिक्त बोतलों की मांग भेजी जाएगी। विभाग को उम्मीद है कि सावन और शिवरात्रि के दौरान गंगाजल की मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
डाक विभाग की इस पहल को उन श्रद्धालुओं के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है, जो समय, दूरी या अन्य कारणों से हरिद्वार नहीं जा पाते, लेकिन सावन में भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक करना चाहते हैं।







