Home Haryana हरियाणा में मौसम बदलेगा करवट, अगले तीन दिन बारिश और तेज हवाओं...

हरियाणा में मौसम बदलेगा करवट, अगले तीन दिन बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

38
0

चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गुरुवार शाम अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला, जब दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं शुक्रवार सुबह गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण है, जिसका असर 30 मार्च तक पूरे प्रदेश में बना रहेगा। आज उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कई स्थानों पर तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है।

29 और 30 मार्च को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में व्यापक स्तर पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान तेज हवाएं चलने और आंधी जैसे हालात बनने की भी आशंका है।

इस बीच तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि नूंह में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हिसार, सिरसा, फतेहाबाद और रोहतक में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहा, जबकि चंडीगढ़ में 32.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here