Home Haryana नूंह में स्टंट बना जानलेवा, जिंदा दफन प्रदर्शन के दौरान युवक की...

नूंह में स्टंट बना जानलेवा, जिंदा दफन प्रदर्शन के दौरान युवक की दम घुटने से मौत

4
0

नूंह | हरियाणा के नूंह जिले के तावडू उपमंडल के गांव खोरी कला में आयोजित एक स्टंट शो के दौरान दर्दनाक हादसा सामने आया है। ट्रैवलिंग बाइसिकल सर्कस में किए जा रहे कथित “जिंदा दफन” प्रदर्शन के दौरान 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरोप है कि युवक को निर्धारित समय पर बाहर नहीं निकाला गया, जिसके चलते लंबे समय तक जमीन के अंदर रहने से उसकी दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान फरीदाबाद जिले के गौंची गांव निवासी दीपक के रूप में हुई है। वह ट्रैवलिंग बाइसिकल सर्कस से जुड़ा हुआ था और पिछले कई दिनों से गांव खोरी कला में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न साइकिल स्टंट दिखाकर लोगों का मनोरंजन कर रहा था। दीपक हैंडलबार पर संतुलन बनाना, बिना आगे देखे साइकिल चलाना और चलती साइकिल पर खड़े होकर करतब दिखाने जैसे रोमांचक प्रदर्शन करता था।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के अंतिम दिन एक विशेष स्टंट के तहत दीपक को बोरी में बंद कर पहले से खोदे गए गड्ढे में उतारा गया और उसके ऊपर मिट्टी डाल दी गई। आयोजकों ने दावा किया था कि 24 घंटे बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा और इसी प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि तय समय पूरा होने के बावजूद युवक को बाहर नहीं निकाला गया। बताया जा रहा है कि दीपक करीब 36 घंटे तक जमीन के अंदर ही दबा रहा। जब गड्ढा खोदकर उसे बाहर निकाला गया तो वह मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक आशंका है कि लंबे समय तक ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उसकी दम घुटने से मौत हुई।

प्रत्यक्षदर्शी संचित सिंह का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान दर्शकों से यह भी कहा गया कि जब तक 7,100 रुपये की राशि एकत्र नहीं होगी, तब तक युवक को गड्ढे से बाहर नहीं निकाला जाएगा। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हादसे ने बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के आयोजित किए जाने वाले जोखिम भरे स्टंट कार्यक्रमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक को समय पर बाहर क्यों नहीं निकाला गया तथा इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की क्या भूमिका रही। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here