Home Haryana कैथल में नशा तस्करों पर प्रशासन का बुलडोजर, तीन मकान जमींदोज

कैथल में नशा तस्करों पर प्रशासन का बुलडोजर, तीन मकान जमींदोज

5
0

कैथल , बलिंदर | हरियाणा के कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया। सिरटा रोड स्थित जाट धर्मशाला के सामने बनी कॉलोनी में तीन कथित नशा तस्करों के मकानों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन की ओर से जिन मकानों पर कार्रवाई की गई, उनमें एक मकान का निर्माण कार्य अभी जारी था। प्रशासन ने एक-एक कर तीनों मकानों को बुलडोजर से गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया था।

पूरे अभियान की निगरानी डीएसपी भीरभान, सिटी थाना प्रभारी गीता तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे, ताकि कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संबंधित लोगों को कार्रवाई से पहले नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रशासन ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मकानों को गिराने की कार्रवाई की।

कैथल पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति और ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति खड़ी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here