गुरुग्राम,अनुज पांचाल-:गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में बास्केटबॉल खेल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रैक्टिस मैच के दौरान अचानक बास्केटबॉल कोर्ट पर लगा भारी लोहे का पोल भरभराकर गिर पड़ा।हादसे में एक 12 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया,जबकि दो अन्य खिलाड़ियों ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।घटना के बाद कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पोल हटाकर घायल बच्चे को बाहर निकाला।
घायल बच्चा एक डॉक्टर का बेटा बताया जा रहा है।उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन स्थानों पर फ्रैक्चर पाए गए हैं और उसका उपचार जारी है।डॉक्टर लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब बच्चे नियमित अभ्यास कर रहे थे। अचानक पोल गिरने से खिलाड़ियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में दहशत का माहौल है और लोगों ने सोसायटी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खेल परिसर के उपकरणों और संरचनाओं की समय-समय पर तकनीकी जांच होनी चाहिए थी।यह हादसा ऐसे समय सामने आया है जब हरियाणा में खेल सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर पहले भी गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं।रोहतक में करीब 750 किलोग्राम वजनी पोल गिरने से एक नेशनल खिलाड़ी की मौत हो गई थी,जबकि बहादुरगढ़ में भी इसी तरह की घटना में एक खिलाड़ी की जान चली गई थी।लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने खेल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।







