हिसार |भारत की युवा हॉकी स्टार दीपिका को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित हॉकी अवॉर्ड पोलिग्रास मैजिक स्किल से सम्मानित किया गया है। वह यह सम्मान पाने वाली भारत की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।
उन्हें यह अवॉर्ड एफआईएच प्रो लीग 2024-25 के दौरान भुवनेश्वर में नीदरलैंड्स के खिलाफ किए गए शानदार गोल के लिए मिला है। यह चयन दुनियाभर के हॉकी फैंस के वोटिंग के आधार पर हुआ।
यह मुकाबला फरवरी 2025 में कलिंग स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें दीपिका ने बेहतरीन स्किल से गोल दागा और मैच 2-2 से ड्रॉ रहा।
रोहतक मूल की दीपिका के पिता हिसार के एचएयू में कार्यरत रहे हैं। पिता और चाचा कुश्ती से जुड़े थे, लेकिन दीपिका ने हॉकी को चुना। 12 साल की उम्र में ही वे सब जूनियर से सीनियर टीम तक पहुंच गईं।
दीपिका ने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास है और इस सम्मान से उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवॉर्ड के लिए स्पेन की पेट्रीसिया अल्वारेज और ऑस्ट्रेलिया की एक अन्य खिलाड़ी भी नामित थीं।







