पंचकूला | हरियाणा में बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला की अगुवाई में पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जाट भवन से शुरू हुआ, जहां सुबह 10 बजे पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटे।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी से आम जनता पर सीधा असर पड़ा है। उन्होंने कहा, इनेलो की मांग है कि सरकार तुरंत बढ़ी हुई दरें वापस ले और जनता को राहत दे।
इस दौरान चौटाला ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि, यह लड़ाई कांग्रेस को लड़नी चाहिए थी, लेकिन वह भाजपा के साथ खड़ी नजर आ रही है। वहीं, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी जिसमें विज ने बिजली दरों में मामूली बढ़ोतरी की बात कही थी। इस पर चौटाला ने कहा, मुझे उनसे ऐसी उम्मीद नहीं थी।







