Home Haryana सोनीपत में चोरी के शक में 13 वर्षीय किशोर से मारपीट, वीडियो...

सोनीपत में चोरी के शक में 13 वर्षीय किशोर से मारपीट, वीडियो वायरल होने के बाद हुआ समझौता

1
0

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले की सेक्टर-15 हाउसिंग बोर्ड मार्केट में चोरी के शक में 13 वर्षीय किशोर के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान के संचालक और उसके बेटे ने किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले की जांच की।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब किशोर पर दुकान से बाइक की बैटरी उठाने का आरोप लगा। किशोर की मां का कहना है कि उसके बेटे को मोहल्ले के कुछ अन्य लड़कों ने ऐसा करने के लिए उकसाया था। उनका आरोप है कि दुकानदार ने पुलिस को सूचना देने या कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय बच्चे के साथ मारपीट की।

वायरल वीडियो में दुकान संचालक और उसका बेटा किशोर के साथ धक्का-मुक्की करते, उसके हाथ-पैर मरोड़ते और उसे जमीन पर पटकते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान दुकान में मौजूद एक विद्युत उपकरण (कंडेनसर) का उपयोग कर किशोर को करंट भी लगाया गया। वीडियो में किशोर दर्द से कराहते हुए अपनी मां को बुलाने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। मौके पर पहुंची उसकी मां ने बेटे को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उनकी भी बात नहीं सुनी गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की। सेक्टर-27 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है। पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

बताया जा रहा है कि दुकानदार ने लिखित रूप से माफीनामा दिया है और किशोर के इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन भी दिया है। हालांकि, घटना का वीडियो सामने आने के बाद नाबालिग के साथ कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here