करनाल। जिले के गांव पंगाला में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला था। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर चुके थे और शव को श्मशानघाट भी ले जाया गया, लेकिन हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गांव पंगाला निवासी विक्रम (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने वीरवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
मृतक की मां प्रकाशी देवी ने बताया कि वह बुधवार को गांव से बाहर एक मंदिर में गई हुई थी। घर लौटने पर उसने देखा कि उसका बेटा कमरे में फंदे से लटका हुआ था। उनका कहना है कि विक्रम के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे घटना को लेकर उनकी शंका और गहरा गई।
प्रकाशी देवी ने गांव के ही दो युवकों, मुन्ना और कल्लू, पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि आरोपितों ने पहले विक्रम की हत्या की और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया।
परिजनों के अनुसार, उन्होंने शुरुआत से ही हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन ग्रामीणों और समाज के कुछ लोगों के दबाव में शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशानघाट ले जाया गया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।







