Home Crime भतीजे के जन्मोत्सव में आया युवक बना निशाना, बेरहमी से हत्या

भतीजे के जन्मोत्सव में आया युवक बना निशाना, बेरहमी से हत्या

3
0

भूना (फतेहाबाद)। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना कस्बे में एक 23 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुग्राम से अपने भतीजे के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने आए युवक पर कथित तौर पर बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले युवक का अपहरण किया, फिर उसकी पिटाई की, तेजधार हथियारों से कई वार किए और अंत में उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान भूना के वार्ड नंबर-5 निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े दस बजे सचिन अपने एक साथी के साथ बाइक पर शहर में जा रहा था। इसी दौरान शहीद उधम सिंह चौक के पास कुछ बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वाल्मीकि चौक के निकट उसे घेरकर जबरन अपने साथ ले जाया गया।

परिजनों और पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने सचिन को हिसार रोड की ओर ले जाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और गर्दन व सीने पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद उस पर वाहन चढ़ाने का भी आरोप लगाया गया है। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी नरसिंह, सीआईए टीम और अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आपराधिक गैंग से जुड़ी रंजिश का माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ आरोपियों को संदेह था कि सचिन उनकी गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाता था।

भूना थाना पुलिस ने मृतक के पिता राजबीर सिंह की शिकायत पर 10 नामजद सहित 25 आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

परिवार के अनुसार सचिन पहले बीए की पढ़ाई कर रहा था, लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़कर गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगा था। वह अपने भतीजे के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए कुछ दिन पहले ही घर आया था। युवक की हत्या के बाद परिवार में शोक का माहौल है और क्षेत्र में भी घटना को लेकर रोष व्याप्त है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here