गुरुग्राम। जिले के भोंडसी थाना क्षेत्र स्थित घामडोज गांव में जमीन विवाद से परेशान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने एक व्यक्ति पर जमीन कब्जाने और लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय जयकरण के रूप में हुई है, जो पेशे से टैक्सी चालक था और अपने परिवार के साथ घामडोज गांव में रहता था। परिजनों के अनुसार जयकरण की भोंडसी और आसपास के क्षेत्रों में करीब दो कनाल जमीन थी। आरोप है कि अलीपुर निवासी चरण सिंह ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया था, जिसके चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था।
परिवार का कहना है कि जयकरण ने कई बार अपनी समस्या प्रशासन के समक्ष भी रखी थी। कुछ समय पहले आयोजित जिला प्रशासन के रात्रि दरबार में भी उसने जमीन विवाद का मुद्दा उठाया था और न्याय की मांग की थी। हालांकि, विवाद का समाधान नहीं होने और लगातार दबाव का सामना करने के कारण वह गहरे तनाव में रहने लगा था।
बताया जा रहा है कि रात जयकरण ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो बनाया। वीडियो में उसने अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए एक व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। बुधवार सुबह परिवार के लोगों ने उसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और वीडियो को जांच का हिस्सा बनाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।







