भिवानी। हरियाणा सरकार ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता शंकर धोपरा को बोर्ड का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। देर शाम शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों में यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई। वहीं, मौजूदा अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा को पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, एक पत्र में डॉ. पवन कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से रिलीव करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि दूसरे आदेश में शंकर धोपरा की हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति की पुष्टि की गई है।
शंकर धोपरा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और संगठन में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वह पूर्व में भाजपा के जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और पार्टी में लंबे योगदान को देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा गया है।
शंकर धोपरा मूल रूप से भिवानी के निवासी हैं। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आने के बाद भिवानी में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि शिक्षा बोर्ड में उनके अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ प्रदेश के शिक्षा तंत्र को मिलेगा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड राज्य की प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं में शामिल है, ऐसे में नए अध्यक्ष की नियुक्ति को शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।







