Home Accident गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से...

गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत

17
0

गुरुग्राम |  हरियाणा के गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। दोनों महिलाएं ट्रैक पार करते समय अचानक दो ट्रेनों के बीच फंस गईं और मौके पर ही उनकी जान चली गई।

पुलिस के मुताबिक, अलियार गांव निवासी 40 वर्षीय ममता अपनी मां के साथ जयपुर जाने के लिए सुबह करीब साढ़े आठ बजे रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज नहीं होने के कारण दोनों महिलाएं एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान दोनों तरफ से ट्रेनें आ गईं और महिलाएं उनकी चपेट में आ गईं।

हादसा इतना भयावह था कि ट्रेन से कटने के बाद दोनों महिलाओं के शव कई हिस्सों में बंट गए और करीब 100 मीटर तक शरीर के अंग बिखर गए। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतकों की पहचान ममता और उनकी मां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ममता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग कार्यवाह ब्रजेश सिंह के रिश्ते में भाई विनोद की पत्नी थीं। वहीं, ब्रजेश सिंह के बड़े भाई महेश चौहान भाजपा के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है। वहीं रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, खासकर फुटओवर ब्रिज जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here