Home Crime डबवाली में पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर का मिला शव, छाती से बंधी...

डबवाली में पंजाब के एक्साइज इंस्पेक्टर का मिला शव, छाती से बंधी मिली लोडेड पिस्टल

2
0

डबवाली |  हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में पंजाब के एक आबकारी निरीक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कार से बरामद हुआ है। मृतक की छाती से एक भरी हुई पिस्तौल बंधी हुई मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, मोगा में तैनात आबकारी निरीक्षक कर्मजीत सिंह चीमा का शव गांव डबवाली और जोगेवाला के बीच भारतमाला मार्ग पर खड़ी एक कार में मिला। यह कार रात से वहां खड़ी बताई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तलाशी के दौरान पाया गया कि मृतक सीट बेल्ट लगाए हुए था और उसकी छाती से पिस्तौल बंधी हुई थी। पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए उपमंडल नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया।

मृतक लुधियाना के गांव चीमा का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि मृतक के दो बेटे हैं, जिनकी आयु लगभग 18 और 16 वर्ष है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि मोगा में तैनात निरीक्षक डबवाली कैसे पहुंचे और जिस कार में उनका शव मिला, वह किसकी थी। पुलिस इन सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here