अंबाला | हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी का असर महसूस किया जाने लगा है और अनुमान है कि मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। फिलहाल रात के तापमान में ज्यादा बदलाव दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन दिन का पारा लगातार चढ़ रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में हल्की गिरावट संभव है, हालांकि दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। अंबाला और जींद (पांडु पिंडारा) में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि हिसार, सिरसा और भिवानी में मामूली गिरावट देखी गई। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से पार हो चुका है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 फरवरी तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, लेकिन महीने के अंत तक दिन और रात दोनों के तापमान में तेज बढ़ोतरी हो सकती है। मार्च की शुरुआत अपेक्षाकृत गर्म रहने के संकेत हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
वर्तमान स्थिति में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। गुरुग्राम में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से ज्यादा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दोपहर के समय गर्मी का असर और तीव्र हो सकता है। कुल मिलाकर हरियाणा में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।




