सिरसा,22फरवरी-:रानियां क्षेत्र में शनिवार रात अभोली के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन नाबालिग बाइक सवारों की जान चली गई। हादसा बाइक और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर से हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव आठ बुर्जी निवासी 16 वर्षीय कर्ण और 16 वर्षीय कृष्ण तथा गांव भड़ोल्यांवाली निवासी 13 वर्षीय राजबीर शनिवार रात करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर भड़ोल्यांवाली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अभोली के पास उनकी बाइक की टक्कर एक ट्रैक्टर से हो गई।हादसा इतना गंभीर था कि कर्ण और कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजबीर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







