Home Haryana हरियाणा में फिर बदला मौसम, कई जिलों में घनी धुंध

हरियाणा में फिर बदला मौसम, कई जिलों में घनी धुंध

20
0

चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में घनी धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हुई और ठंडक का एहसास बढ़ गया। हालांकि दोपहर होते-होते तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। दिन का तापमान सामान्य से करीब 2.3 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की गई। पलवल में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। साफ मौसम और तेज धूप के चलते तापमान में और इजाफा हो सकता है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम के अनुसार फसलों की देखभाल करने की सलाह दी है। गेहूं की फसल में पीला रतुआ और दीमक की नियमित निगरानी करने की आवश्यकता बताई गई है। सरसों में माहू (एफिड) का प्रकोप दिखाई देने पर तुरंत दवा का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। मौसम साफ रहने के कारण गन्ने की कटाई शुरू करने का भी उपयुक्त समय बताया गया है। साथ ही फलदार पौधों में सड़ी हुई गोबर की खाद डालकर सिंचाई करने की सलाह दी गई है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here