जींद। नरवाना के ढाकल गांव में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर विस्फोट से एक घर में भयंकर आग लग गई। हादसा उस समय हुआ जब घर की महिला चाय बनाने के लिए रसोई में गई थी। सिलेंडर के पास अचानक आग भड़कने से पूरे घर में लपटें फैल गईं। परिवार के सदस्यों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते घर में रखे लाखों रुपए के सामान को चंद मिनटों में राख कर दिया। आग बुझने के बाद मकान की छत भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद सूचना मिलने पर प्रशासन और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुए सिलेंडर ब्लास्ट के कारण हुआ, जिसके बाद घर में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तुरंत मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना घर-परिवार संभाल सकें।







