Home Haryana हरियाणा रोडवेज बस में कुत्ते को लेकर हंगामा, परिचालक पर जांच

हरियाणा रोडवेज बस में कुत्ते को लेकर हंगामा, परिचालक पर जांच

157
0

फतेहाबाद/भट्टू |  हरियाणा रोडवेज की भट्टू से फतेहाबाद जा रही बस में रविवार को तब हंगामा मच गया जब एक यात्री अपने पालतू कुत्ते को साथ लेकर बस में सवार हुआ और उसका टिकट नहीं काटा गया। घटना के बाद बस परिचालक और टिकट जांच फ्लाइंग टीम के बीच तीखी बहस हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोडवेज मुख्यालय ने परिचालक के खिलाफ जांच बैठा दी है।

यात्रियों ने की आपत्ति

जानकारी के अनुसार, भट्टू निवासी एक परिवार अपने डेढ़ साल के पालतू कुत्ते को बस में सीट के नीचे बैठाकर लेकर आया। कुछ यात्रियों ने कुत्ते की उपस्थिति पर असहजता जताई और शिकायत बस परिचालक कमलदीप से की। आरोप है कि परिचालक ने शिकायत को नजरअंदाज किया और कुत्ते का टिकट भी नहीं काटा।

फ्लाइंग टीम ने मांगा टिकट, बहस हुई

जब बस मिनी बाईपास पहुंची, तो टिकट जांच टीम ने कुत्ते का टिकट मांगा। टिकट न मिलने पर परिचालक और टीम के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि परिचालक ने टीम का वीडियो बनाकर दबाव बनाने की कोशिश की, जबकि जांच टीम ने परिचालक पर राजस्व गबन का आरोप लगाते हुए मौके पर रिपोर्ट तैयार की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

फतेहाबाद डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों को सोमवार को कार्यालय में तलब किया गया है।

जानवरों के लिए नियम

हरियाणा रोडवेज के नियमों के अनुसार, किसी भी पालतू जानवर को बस में ले जाने के लिए दो टिकट का किराया अनिवार्य है। इसके अलावा, जानवर को यात्रियों के बीच खुले में रखने की अनुमति नहीं है। ऐसा न करने पर परिचालक के खिलाफ राजस्व गबन का मामला दर्ज हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here