बराड़ा | साहा के गाँव केसरी में रुई की फैक्ट्री में काम करने वाले एक मजदूर की साथी की हरकत से दर्दनाक मौत हो गई। आरोपी ने सहकर्मी के शरीर के संवेदनशील हिस्से में प्रेशर पाइप से हवा भर दी, जिससे घायल मजदूर की स्थिति गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक गनोरी कोरा केसरी स्टेशन के पास स्थित राम स्पेन कंपनी में कार्यरत था। मृतक के भाई सुमित को सूचना मिली कि उनके भाई की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।
सुमित ने बताया कि रास्ते में एंबुलेंस में उन्हें भाई की गंभीर हालत देखकर चिंता और घबराहट हुई। उन्हें पहले मोहड़ी स्थित आदेश अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने चंडीगढ़ रेफर कर दिया। चंडीगढ़ पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुमित ने आगे बताया कि फैक्ट्री लौटने पर पता चला कि झारखंड निवासी आशीष, जो उनके भाई के साथ काम करता था, अक्सर उससे बहस किया करता था। घटना वाले दिन आशीष ने मज़ाक के नाम पर कहा, “मैं तेरी रुई उतारता हूँ,” और प्रेशर पाइप से उसके भाई के गुप्तांग में हवा भर दी। इससे अंदरूनी चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी कर्मवीर ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच अभी जारी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।







