Home Haryana गुरुग्राम: जिला अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों के लिए बनेगा आश्रय सदन

गुरुग्राम: जिला अस्पताल में मरीजों व तीमारदारों के लिए बनेगा आश्रय सदन

80
0

गुरुग्राम। जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब ठहरने की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए अस्पताल परिसर में आश्रय सदन (शेल्टर होम) का निर्माण किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी योजना तैयार कर ली है और निर्माण कार्य के लिए डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। रिपोर्ट पूरी होने के बाद इसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।

सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में रोजाना औसतन 2200 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, जबकि इमरजेंसी, मेडिसिन, जनरल और गायनी वार्ड में बड़ी संख्या में मरीज भर्ती रहते हैं। अस्पताल में हर महीने लगभग 300 से अधिक प्रसव मामले दर्ज किए जाते हैं। इसके बावजूद, मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के ठहरने के लिए कोई सुव्यवस्थित व्यवस्था या वेटिंग रूम नहीं है।

वर्तमान में तीमारदारों को बरामदों, बेंचों या जमीन पर ही रात गुजारनी पड़ती है — जिससे गर्मी, सर्दी और संक्रमण के खतरे का सामना करना पड़ता है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि आश्रय सदन बनने से यह समस्या दूर होगी और मरीजों के परिजनों को सुरक्षित ठहराव की सुविधा मिलेगी।

जिला नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. लोकवीर ने बताया कि आश्रय सदन की योजना पर काम शुरू हो चुका है और जल्द ही उच्चाधिकारियों से निर्माण की मंजूरी मांगी जाएगी।

“अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों के लिए आश्रय सदन के निर्माण की योजना बनाई जा रही है। इसके लिए डीपीआर तैयार कराई जा रही है और जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाएगा।” — डॉ. लोकवीर, पीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल, गुरुग्राम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here