चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिलों के गठन को लेकर फिलहाल लोगों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। सरकार ने जिलों, उप-मंडलों, तहसीलों और उप-तहसीलों के पुनर्गठन के लिए गठित उच्च स्तरीय कमेटी के कार्यकाल को अब 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दिया है।
वित्तायुक्त व अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की ओर से इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। नई समयसीमा के तहत समिति को अब 1 जुलाई 2025 से लेकर 31 दिसंबर 2025 तक का अतिरिक्त समय दिया गया है।
किन जिलों पर चल रहा विचार?
राज्य सरकार हांसी, डबवाली, असंध, सफीदों और गोहाना को नए जिले बनाने की दिशा में विचार कर रही है। लेकिन अंतिम फैसला कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।
कौन हैं कमेटी में?
यह कमेटी मंत्री कृष्णलाल पंवार की अध्यक्षता में गठित की गई है। अन्य सदस्यों में राजस्व मंत्री विपुल गोयल, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा शामिल हैं।
क्यों बढ़ा कार्यकाल?
कमेटी को जिलों व प्रशासनिक ढांचे के पुनर्गठन पर रिपोर्ट तैयार करनी है, जिसके लिए अभी और समय की जरूरत बताई गई है। ऐसे में नए जिलों की घोषणा से पहले आर्थिक, प्रशासनिक और जनसंख्या से जुड़े कई पहलुओं का अध्ययन किया जाना बाकी है।







