चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे HCS अधिकारी अश्विनी कुमार शर्मा को जबरन सेवानिवृत्त कर दिया है। 55 वर्ष की उम्र में सेवा समाप्ति का फैसला कैबिनेट की मंजूरी के बाद लिया गया। इस संबंध में अधिसूचना कार्मिक विभाग के अवर सचिव राजेश सैनी द्वारा जारी की गई है।
शुगर मिल में घोटाले के आरोप
सरकारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि अश्विनी कुमार ने सोनीपत स्थित शुगर मिल के एमडी पद पर रहते हुए नियमों की अनदेखी की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों की रोक के बावजूद महाराष्ट्र के सतारा स्थित बाउवेट इंजीनियरिंग लिमिटेड को भुगतान जारी रखा, जिससे सरकार को आर्थिक नुकसान हुआ।
पहले ही मिल चुकी थी कैबिनेट से मंजूरी
सूत्रों के अनुसार, अश्विनी कुमार को जबरन सेवानिवृत्त करने के प्रस्ताव को राज्य मंत्रिमंडल से पहले ही हरी झंडी मिल चुकी थी। अब सरकार ने इस पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।







