पिहोवा | पिहोवा शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने तरसेम उर्फ सेमा नामक युवक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल से बेटे को मिला था मौत का फोन
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई को शाम करीब 4:30 बजे उसकी पत्नी किसी रिश्तेदार के पास जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वहां पहुंची ही नहीं। अगले दिन उनके बेटे को पिहोवा के एक निजी अस्पताल से फोन आया कि उनकी मां की मृत्यु हो चुकी है और शव अस्पताल में है।
पहले भी कर चुका था छेड़छाड़, पंचायत में मांगी थी माफी
अस्पताल पहुंचने पर परिवार को पता चला कि फोन करने वाला तरसेम उर्फ सेमा था, जो पहले भी मृतका से छेड़छाड़ कर चुका था और मामले में पंचायत हो चुकी थी, जिसमें आरोपी ने माफी मांगी थी। परिजनों का आरोप है कि तरसेम ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला को होटल में नशीला पदार्थ पिलाया और दुष्कर्म किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। केस इंचार्ज एएसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।







