यमुनानगर | विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर सूर्य प्रताप सिंह उर्फ नोनी राणा ने यमुनानगर के एक प्रॉपर्टी और ज्वेलरी व्यापारी तरुण कुमार से 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है। आरोप है कि नोनी राणा ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए तरुण को धमकी दी कि अगर रकम तय समय पर नहीं दी गई तो उसे और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।
विदेशी नंबर से आई धमकी भरी कॉल
पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 जून की सुबह 11:14 बजे उसके मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को नोनी राणा बताया और कहा कि उसे तरुण के व्यवसाय की पूरी जानकारी है, साथ ही 27 जून तक 50 लाख रुपये की मांग रखी। इसके बाद 27 जून को दोबारा कॉल कर पैसे की डेडलाइन याद दिलाई और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस, सुरक्षा मुहैया कराई
घटना की जानकारी मिलते ही छछरौली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया और पीड़ित व्यापारी को सुरक्षा प्रदान की। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने धमकी भरे कॉल की वीडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला आरोपी कुख्यात गैंगस्टर काला राणा का भाई है, जो पहले भी कई लोगों को इसी तरह धमका चुका है।
सुरजेवाला ने साधा सरकार पर निशाना
इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा:
“भाजपा राज में हरियाणा से लेकर बिहार तक संगठित अपराध बढ़ते जा रहे हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है और सरकार मूक दर्शक बनी हुई है।”
पुलिस कर रही है जांच, आरोपी फरार
फिलहाल आरोपी नोनी राणा विदेश में है और पुलिस उसके नेटवर्क को खंगाल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संबंधित एजेंसियों से भी सहयोग लिया जा सकता है।
यह मामला एक बार फिर हरियाणा में संगठित अपराध को लेकर सवाल खड़े कर रहा है, खासकर तब जब गैंगस्टर विदेश में बैठकर भी राज्य में दहशत फैला रहे हैं







