सिरसा | हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में एक महिला द्वारा खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। शनिवार देर शाम करीब 7 से 9 बजे के बीच महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले महिला ने रिश्ते में भतीजा लगने वाले प्रेमी को वीडियो कॉल कर कहा—”तू मुझसे बात नहीं करता, फोन नहीं उठाता… आज फांसी लगाऊंगी।” इसके बाद उसने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतका की पहचान हरप्रीत कौर (निवासी वार्ड-1, अमृत सरिया वाली गली, डबवाली) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही डबवाली सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पति ने लगाया हत्या का आरोप
हरप्रीत के पति जगदीप सिंह, जो मूल रूप से पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के घुमियारा गांव के रहने वाले हैं, ने इस आत्महत्या को लेकर महिला के प्रेमी हर्षप्रीत उर्फ भोलू पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस को मौके के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से अहम फुटेज हाथ लगे हैं, जिसमें प्रेमी को घटना स्थल पर करीब 15 मिनट तक मौजूद देखा गया है। वीडियो में वह महिला को फंदे से नीचे उतारता भी दिख रहा है, लेकिन बाद में वहां से फरार हो जाता है।
एक साल पहले प्रेमी के साथ भागी थी महिला
पुलिस जांच में पता चला है कि हरप्रीत का हर्षप्रीत के साथ पिछले काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। करीब एक साल पहले वह अपने मायके से हर्षप्रीत के साथ भाग गई थी। हालांकि, दोनों एक महीने बाद राजस्थान में पकड़े गए और फिर परिजनों और पंचायत की मध्यस्थता से मामला सुलझाया गया। पति ने उस समय हरप्रीत को स्वीकार कर लिया था। हाल ही में जगदीप अपने परिवार के साथ डबवाली में किराए के मकान में रहने लगे थे।
कॉल रिकॉर्ड्स और चैटिंग की जांच में जुटी पुलिस
डबवाली सिटी थाना प्रभारी शलेंद्र कुमार ने बताया कि महिला का मोबाइल फोन, चैट हिस्ट्री और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले हरप्रीत ने अपने प्रेमी से व्हाट्सऐप और वीडियो कॉल पर कई बार संपर्क किया था। जब प्रेमी ने फोन नहीं उठाया तो उसने फांसी लगाने की बात कही और बाद में आत्महत्या कर ली। उस वक्त उसके दोनों बच्चे घर में ही सो रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है।







