चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने तड़के सुबह साढ़े तीन बजे अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी कि आने वाले तीन घंटों के भीतर सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर सहित आसपास के इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
आज सुबह प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान पर बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलती रहीं। वहीं, फरीदाबाद में अलसुबह हल्की फुहारें दर्ज की गईं, जिससे कुछ राहत जरूर मिली।
तेज गर्मी को लेकर येलो अलर्ट, लू से सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने पूरे हरियाणा में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटों में चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में लू जैसे हालात बने रह सकते हैं। विभाग का कहना है कि 15 जून की रात से मौसम में आंशिक बदलाव संभव है और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है।
गर्मी में घर से बाहर निकलने से पहले रखें ये सावधानियां:
- हल्के रंग, ढीले और फुल स्लीव्स वाले सूती कपड़े पहनें।
- सिर को टोपी, स्कार्फ या गमछे से अच्छी तरह ढंकें।
- आंखों को तेज धूप से बचाने के लिए सनग्लासेस (गॉगल्स) का इस्तेमाल करें।
- पानी की बोतल हमेशा साथ रखें और समय-समय पर पानी पीते रहें।
ORS, नींबू पानी या सत्तू का सेवन करके ही धूप में निकलें।







