Home Crime यमुनानगर में स्विमिंग पूल में समय बढ़ाने को लेकर विवाद, मैनेजर की...

यमुनानगर में स्विमिंग पूल में समय बढ़ाने को लेकर विवाद, मैनेजर की मौत, तीन युवक हिरासत में

246
0

यमुनानगर | जिले के एक स्विमिंग पूल में समय सीमा को लेकर हुए विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया, जब तीन युवकों से कहासुनी के बाद पूल मैनेजर की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना यमुनानगर शहर के एक निजी स्विमिंग पूल की है। जानकारी के अनुसार, जैसे ही तीन युवकों का निर्धारित एक घंटा पूरा हुआ, मैनेजर ने उन्हें पूल से बाहर निकलने को कहा। इस पर युवकों ने कुछ और समय की मांग की, जिसे लेकर पहले बहस और फिर हाथापाई हो गई।

55 वर्षीय राजेंद्र शर्मा, जो कि स्विमिंग पूल का मैनेजर था और मूल रूप से जींद का रहने वाला था, इसी दौरान जमीन पर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्विमिंग कोच मारकंडे यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि समय सीमा को लेकर हुई बहस अचानक हिंसक रूप ले बैठी, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

एएसपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि फिलहाल तीनों युवकों को राउंडअप कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना के बाद यमुनानगर सिटी थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here