लाहौल-स्पीति | हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। हरियाणा के पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को पहले केलांग अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कुल्लू रेफर कर दिया गया।
सुबह-सुबह हुआ हादसा, ओवरस्पीड बनी वजह
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे गोंदला इलाके में हुआ। HR-98-G-9941 नंबर की कार में तीन लोग सवार थे और सभी केलांग की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे गाड़ी सड़क से फिसलकर खेतों के बीच 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायलों की पहचान हुई
घायलों की पहचान हरियाणा के रोहन सलूजा, उनकी पत्नी गायत्री सलूजा और साले साहिल पुजारा के रूप में हुई है। हादसे में सभी को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस जांच जारी, खाई से कार निकालने का प्रयास
SHO केलांग जवाल सिंह ने बताया कि फिलहाल घायलों के बयान नहीं हो सके हैं, क्योंकि उन्हें केलांग से कुल्लू रेफर किया गया है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार को सौंपी गई है। वहीं, पुलिस और प्रशासन की टीम कार को खाई से बाहर निकालने में जुटी हुई है।







