चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने नई दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर आगामी शहरी स्थानीय निकायों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। यह फैसला लिया गया कि सम्मेलन का आयोजन 3 और 4 जुलाई को गुरुग्राम में किया जाएगा, जिसकी आधिकारिक मेजबानी हरियाणा विधानसभा करेगी।
हरविन्द्र कल्याण ने इस आयोजन की मेजबानी का अवसर देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष का आभार जताया और कहा कि यह सम्मेलन शहरी विकास, स्थानीय स्वशासन और नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें देशभर के जनप्रतिनिधि, नीति निर्माता और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू
विधानसभा अध्यक्ष कल्याण सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने बीते सोमवार को विधानसभा सचिवालय में एक बैठक कर राज्य सरकार और विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त विकास गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक वाई.एस. गुप्ता, और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के.एम. पांडुरंग सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले 5 जून को गुरुग्राम में भी आयोजन को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। सभी विभागों के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए जा रहे हैं ताकि सम्मेलन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
यह सम्मेलन न केवल हरियाणा के लिए गर्व का विषय है, बल्कि स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली को नई दिशा देने का भी एक बड़ा मंच साबित होगा।







