गोहाना | जींद रोड पर स्थित गणपति टैक्सटाइल फैक्ट्री में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सोनीपत, गोहाना और गन्नौर से करीब 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल की देरी से फैला नुकसान
शुरुआत में गोहाना फायर स्टेशन से एक छोटी दमकल गाड़ी ही मौके पर पहुंच पाई, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। इसके बाद अन्य स्थानों से गाड़ियां मंगवाई गईं लेकिन उनके पहुंचने में देरी हो गई। इस कारण फैक्ट्री में रखा कच्चा माल, मशीनें और अन्य उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए।
भारी आर्थिक नुकसान
फैक्ट्री मालिक कृष्ण गोयल ने बताया कि आग से लाखों रुपये का कच्चा माल और मशीनरी जल गई। उन्होंने दमकल विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर समय पर पर्याप्त संसाधन पहुंच जाते, तो नुकसान कम हो सकता था।
फायर विभाग का पक्ष
फायर स्टेशन इंचार्ज राजबीर सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से जैसे ही सूचना मिली, टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया था। मामले की जांच जारी है।







