पानीपत | पानीपत जिले से एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां यमुना नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग और एक युवक शामिल है। घटना के बाद मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जो करीब 5 घंटे तक चला, जिसके बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए।
पूर्णमासी के दिन नहाने गए थे यमुना
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक गांव मछरौली से पूर्णमासी के दिन यमुना में स्नान करने के लिए गए थे। मृतकों की पहचान अभि, नितिन और हिमांशु के रूप में हुई है। इनमें से नितिन मूल रूप से बड़ौत गांव का रहने वाला था और अपनी बुआ के पास मछरौली में रह रहा था। वह कपूर फैक्ट्री में काम करता था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल, पानीपत में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे को लेकर इलाके में शोक का माहौल है।







