जींद | हरियाणा के जींद में गोहाना रोड स्थित लुधियाना के पास बना टोल प्लाजा अब बंद कर दिया गया है। अब वाहन चालकों को इस मार्ग पर टोल शुल्क नहीं देना होगा। यह निर्णय जींद-सोनीपत के बीच शुरू हुए नए ग्रीनफील्ड हाईवे के बाद लिया गया है।
नई व्यवस्था के चलते बदला टोल सिस्टम
एनएचएआई के अनुसार, जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड हाईवे, जो दो-तीन महीने पहले शुरू हुआ, के साथ ही चाबरी-भिड़ताना के पास नया टोल प्लाजा बनाया गया है। चूंकि दोनों हाईवे नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधीन आते हैं, ऐसे में नियमों के तहत एक ही मार्ग पर दो टोल वसूलना संभव नहीं है। इसी कारण पुराने हाईवे का टोल बंद कर दिया गया है और नया टोल ग्रीनफील्ड मार्ग पर शिफ्ट कर दिया गया है।
पुराने मार्ग पर घटा यातायात, नई सड़क ने संभाला रुख
2019 में चौड़ा किए गए जींद-गोहाना रोड पर पहले तीन लेन का टोल प्लाजा लुधियाना के पास लगाया गया था, जहां कार और हल्के वाहनों से ₹60 (एक तरफ) और ₹100 (दोनों तरफ) वसूले जाते थे। लेकिन ग्रीनफील्ड हाईवे के शुरू होने के बाद इस मार्ग पर ट्रैफिक में भारी गिरावट देखी गई, क्योंकि नया हाईवे खेतों के बीच से होकर बिना किसी रुकावट के गुजरता है।
एनएचएआई ने दी थी जानकारी
रोड सेफ्टी कमेटी के सदस्य सुनील वशिष्ठ ने बताया कि टोल स्थानांतरण की जानकारी रोड सेफ्टी मीटिंग में एनएचएआई अधिकारियों द्वारा डीसी मोहम्मद इमरान रज़ा को दे दी गई थी। अब वाहन चालक ग्रीनफील्ड हाईवे पर टोल देकर यात्रा कर सकते हैं, जबकि पुराने मार्ग पर बिना किसी शुल्क के सफर संभव होगा।







