फरीदाबाद | शहर के सारन थाना क्षेत्र में एक युवक ने घरेलू विवाद के चलते अपनी सास पर जानलेवा हमला कर दिया। मामूली कहासुनी के बाद दामाद ने सास को गोली मार दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
घटना नंगला एन्क्लेव की है, जहां रहने वाली रीता देवी ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी डेढ़ साल पहले पास ही रहने वाले रामवीर के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में खटास आ गई। विवाद बढ़ने पर प्रियंका अपने मायके आकर रहने लगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका पिछले एक साल से अपनी मां के साथ ही रह रही थी, जिससे रामवीर नाराज था।
शुक्रवार देर रात, रामवीर अपनी पत्नी को वापस ले जाने के लिए उसके घर पहुंचा। इसी दौरान उसकी सास रीता से कहासुनी हो गई और बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर रामवीर ने रीता पर गोली चला दी, जो सीधे पेट में जाकर लगी। घटना के बाद रामवीर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। आरोपी की पहचान होते ही उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, घायल रीता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।