Home Haryana हरियाणा की डबल इंजन सरकार पर पंजाब का सिंगल इंजन भारी” :...

हरियाणा की डबल इंजन सरकार पर पंजाब का सिंगल इंजन भारी” : दीपेंद्र हुड्डा

125
0

कुरुक्षेत्र | हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को कुरुक्षेत्र में ‘संविधान बचाओ अभियान’ के तहत एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में मौजूदा माहौल अघोषित आपातकाल जैसा है, जहां संविधान से मिले अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है और नफरत की दीवारें खड़ी कर जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाया जा रहा है।

जल संकट को लेकर सरकार पर तीखा हमला

जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पंजाब द्वारा पानी रोके जाने पर सर्वदलीय बैठक में कांग्रेस ने हरियाणा सरकार को पूर्ण समर्थन दिया है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा जल संकट के लिए भाजपा सरकार की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी (BBMB) जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में हरियाणा का कोई अधिकारी प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा है, जबकि पहले सिंचाई सदस्य, सचिव और एसई हरियाणा से होते थे। दीपेंद्र ने कटाक्ष करते हुए कहा, “हरियाणा की डबल इंजन सरकार पर पंजाब का सिंगल इंजन भारी पड़ गया है।

मुख्यमंत्री को दी सलाह

हुड्डा ने मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब रेल कोच फैक्ट्री और इंटरनेशनल एयरपोर्ट हरियाणा से बाहर गए, तब भी सरकार मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि पंजाब द्वारा पानी रोके जाने की घटना को हल्के में न लें और तुरंत प्रधानमंत्री से मिलने का समय लें। उन्होंने यह भी कहा कि वे पिछले साढ़े नौ साल से प्रधानमंत्री से मिलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार अब तक समय नहीं दिला पाई है। कांग्रेस सांसदों ने अब स्वयं प्रधानमंत्री से जल हितों को लेकर मिलने का समय मांगा है।

संविधान के मूल ढांचे पर हमला”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि देश में आज संविधान के मूलभूत ढांचे पर हमला हो रहा है। संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं और देश में अघोषित आपातकाल जैसा माहौल बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर नफरत फैलाकर जनता का ध्यान रोजगार, महंगाई और किसानों के मुद्दों से भटका रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here