पलवल | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने होडल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब द्वारा पानी की आपूर्ति में की जा रही कटौती पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस मुद्दे पर बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने हरियाणा को पुनः पानी देने का आश्वासन दिया था। लेकिन बाद में उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि हरियाणा को पानी नहीं मिलेगा, क्योंकि वह पंजाब का है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि, “पानी प्राकृतिक संसाधन है और सभी का अधिकार है। हरियाणा को पहले से ही 4,000 क्यूसेक पानी मिलता रहा है। गर्मियों में जब मांग बढ़ती है, तो पंजाब द्वारा 9,000 क्यूसेक पानी दिया जाता रहा है, जो मई, जून और जुलाई तक जारी रहता है। अब जब हरियाणा की जनसंख्या और पानी की जरूरत दोनों बढ़ गई हैं, मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील करता हूं कि वह इस पर पुनर्विचार करें।”
सिरसा में डीएसपी विवाद पर मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
कार्यक्रम के दौरान जब पत्रकारों ने सिरसा में डीएसपी द्वारा एक अतिथि को कार्यक्रम से बाहर किए जाने और उसके बाद माफी मांगने के मुद्दे पर सवाल पूछा, तो मुख्यमंत्री सैनी ने माफी को उचित ठहराया। उन्होंने कहा कि “डीएसपी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपनी जिम्मेदारी के बावजूद एक आमंत्रित अतिथि को कार्यक्रम से बाहर कर देते हैं, जो अनुचित था।”
क्या है पूरा मामला?
यह घटना बीते रविवार को सिरसा में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम के दौरान हुई थी। कार्यक्रम में पहुंचे मनीष सिंगला को ड्यूटी पर तैनात डीएसपी जितेंद्र सिंह राणा ने मंच से उतारकर कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया था। सिंगला ने अपनी पहचान बताई और फोन पर संबंधित अधिकारी से बात करवाने की कोशिश की, लेकिन डीएसपी ने उनकी बात नहीं मानी और उन्हें बलपूर्वक बाहर कर दिया। इस घटना को लेकर मनीष सिंगला ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद डीएसपी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं।







