चरखी दादरी । जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर दादरी में फोगाट खाप ने चिंता जताई है और घटना की गहराई से जांच की मांग की है। खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि अगर जांच एजेंसियां निष्पक्षता से जांच करें तो सच्चाई सामने लाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे को साम्प्रदायिक रूप देने से बचने की अपील की और कहा कि देश को एकजुट होकर आतंकियों को करारा जवाब देना चाहिए।
सुरक्षा में ढील पर उठाए सवाल
खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि पहलगाम जैसे संवेदनशील क्षेत्र में 24 घंटे सुरक्षा बलों की तैनाती रहती है, जिसमें सेना, अर्धसैनिक बल और स्थानीय पुलिस शामिल हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि घटना के दिन कुछ घंटों के लिए वहां से सुरक्षा हटा ली गई थी, जो संदेहजनक है। उन्होंने कहा कि यदि एनआईए, सीबीआई या अन्य केंद्रीय एजेंसियां इस मामले की जांच करें, तो सच्चाई सामने आ सकती है।
घटना को न दें साम्प्रदायिक रंग
सुरेश फोगाट ने कहा कि कुछ लोग इस घटना को हिंदू-मुस्लिम रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी धर्म विशेष का मामला नहीं है, बल्कि मानवता पर हमला है। उन्होंने बताया कि दादरी और अन्य क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय ने भी इस घटना की निंदा की है और हिंदू संगठनों के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं। कई स्थानों पर पाकिस्तान के पुतले भी फूंके गए हैं।
सरकार को देना चाहिए सख्त जवाब
फोगाट खाप प्रधान ने केंद्र सरकार से इस आतंकी हमले का ठोस जवाब देने की मांग की और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरे देश को एकजुट होकर खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि पहलगाम की घटना सिर्फ एक क्षेत्र पर नहीं, बल्कि पूरे देश की आत्मा पर हमला है।







