Home Haryana रेवाड़ी: कंपनी में करंट लगने से इलेक्ट्रीशियन की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही...

रेवाड़ी: कंपनी में करंट लगने से इलेक्ट्रीशियन की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही का मामला दर्ज

103
0

रेवाड़ी। रेवाड़ी की एक निजी कंपनी में कार्यरत इलेक्ट्रीशियन की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने कंपनी के मालिक, मैनेजर और एचआर मैनेजर के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिना सुरक्षा उपकरण के काम कर रहा था कर्मचारी

गांव रालियावास निवासी वेदपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई रामपाल यादव पिछले दो वर्षों से सीजे डार्सल लॉजिस्टिक लिमिटेड में इलेक्ट्रीशियन के रूप में कार्यरत था। 28 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे परिवार को सूचना मिली कि रामपाल को करंट लग गया है और उसे रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सहकर्मियों ने बताया—नहीं दिए गए थे सुरक्षा उपकरण

रामपाल के साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने परिजनों को बताया कि हादसे के समय न तो रामपाल को कोई सुरक्षा उपकरण जैसे रबर के दस्ताने या जूते दिए गए थे, और न ही कोई अन्य कर्मचारी उसके साथ मौजूद था। परिजनों का आरोप है कि यदि कंपनी सुरक्षा मानकों का पालन करती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

कसौला थाना के जांच अधिकारी एसआई सचिन ने जानकारी दी कि शिकायत के आधार पर कंपनी मालिक, मैनेजर और एचआर मैनेजर के खिलाफ आईपीसी की धारा 304-A (लापरवाही से हुई मृत्यु) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। रामपाल के शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here