कुरुक्षेत्र, 6 मार्च –कुरुक्षेत्र के शहर के मॉडल टाउन पार्क में पिछले महीने अज्ञात लोगों ने बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई कर लाखों रुपये की लकड़ी चोरी कर ली। चोरी की यह वारदात पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
50 पेड़ों की लकड़ी हुई गायब
सूत्रों के अनुसार, पार्क में 50 पेड़ों को काटा गया, जिनमें से अधिकांश सांगवान प्रजाति के थे। इन पेड़ों को ऊपर की ओर से काटकर लकड़ी निकाली गई, जिससे अंदेशा है कि यह चोरी सुनियोजित ढंग से की गई है।
प्रशासन की उदासीनता पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इस तरह की वारदातें बढ़ सकती हैं, जिससे हरियाली और पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा।







