फरीदाबाद, 28 फरवरी -भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र बीजेपी कार्यालय से जारी किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि पार्टी शहर में विकास कार्यों को तेज करने के लिए ट्रिपल इंजन सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से फरीदाबाद को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा नगर निगम को वित्तीय संकट में नहीं रहने देगी और केंद्र व राज्य से पर्याप्त बजट सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने वादा किया कि भाजपा की सरकार बनने के बाद अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
भाजपा पर प्रत्याशियों को धमकाने के आरोप पर कहा ये
मोहन लाल बडौली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास चुनाव लड़ने के लिए मजबूत प्रत्याशी तक नहीं हैं, ऐसे में उनकी जीत का दावा महज एक दिखावा है।उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा कर रही है और चुनाव में पार्टी को भारी बहुमत से जिताएगी। कांग्रेस द्वारा भाजपा पर प्रत्याशियों को धमकाने के आरोप लगाए जाने पर बड़ौली ने कहा कि अगर किसी को धमकी मिली है तो वह पुलिस या न्यायालय का सहारा ले सकता है। उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास रखती है।
अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर बड़ौली ने दी सफाई
अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर मोहन लाल बड़ौली ने सफाई देते हुए कहा कि यह सभी आरोप झूठे थे और महज एक राजनीतिक षड्यंत्र थे। उन्होंने कहा, “हम सनातन धर्म को मानने वाले लोग हैं और महिलाओं का हमेशा सम्मान करते हैं। झूठे आरोपों का प्रचार नहीं किया जाना चाहिए।” भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, ट्रैफिक सुधार और जल आपूर्ति जैसी समस्याओं के समाधान का वादा किया है। पार्टी का दावा है कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो फरीदाबाद को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।