मेवात,15 दिसम्बर —-ह.त्या के मामले में संलिप्त आरोपियों की पुलिस द्वारा गिरफ्तारी नहीं होने व फरार आरोपियों को गांव में बसाने के विरोध में शुक्रवार शाम को लहरवाडी गांव में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इसी संघर्ष में एक युवती की आग लगने से मौत हो गई। पीड़ित पक्ष जहां युवती की मौत को लेकर आरोपी पक्ष पर हत्या का आरोप लगा रहा है तो वहीं दूसरा पक्ष युवती के आत्मदाह की बात कह रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
जानकारी के मुताबिक लहरवाड़ी गांव में आठ माह पहले मिट्टी डालने के विवाद में रिजवान नाम के युवक ही हत्या हुई थी। मामले में लगभग दो दर्जन आरोपियों के खिलाफ पुन्हाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपी पक्ष के लोग गांव से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पीड़ित परिवार बार – बार मांग कर रहा था। पुलिस ने दो आरोपियों को कुछ दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अन्य आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए पीड़ित परिवार लगातार पुलिस से मांग कर रहा था।
दोनों पक्षों को जांच के लिए डीएसपी कार्यालय बुलाया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की लेकिन गांव के कुछ लोगों द्वारा आरोपियों को गांव में वापस बुलाने की मांग की गई.मृतक युवती के भाई के अनुसार आरोपियों ने पथराव के दौरान उसकी बहन शहनाज पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिसमें उसकी बहन पूरी तरह जल गई। आग से जलने के कारण युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक युवती दिव्यांग थी। यह तलाकशुदा थी और काफी समय से अपने पिता के घर पर ही रह रही थी। वहीं, दूसरा पक्ष इसे आत्मदाह कह रहा है। युवती की मौत के बाद गांव में तनाव है।
आठ माह पहले युवक की हुई थी ह.त्या
गत 9 मई को एक खेत में जबरदस्ती मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। जिसमे घायल हुए रिजवान की दूसरे दिन इलाज के दौरान रोहतक पीजीआई में मौत हो गई थी। परिजनों द्वारा दी गई शिकायत पर पुन्हाना पुलिस ने जल्लू, नौसाद, कईफा, साजिद, राहुल, रमजान, सलिम, युसुफ, आलम, मुदट, समसु, रहीस, वासिक, सिराजुद्दीन, कल्लू, अकबरी, कौशल, जाहिद व इजहार सहित 15 आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी। परिजनों द्वारा कई बार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई गई तो पुलिस ने मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन, आरोपों पक्ष के कई लोग तब से गांव से फरार थे। इनकी ही आज वापसी के दौरान गांव में संघर्ष हुआ।
नलहड़ मेडिकल कालेज में बोर्ड द्वारा आज कराया जा रहा पोस्टमार्टम
पुलिस की मौजूदगी में आरोपी पक्ष के लोग गांव में अपने घर आए तो पीड़ित परिवार ने विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और पथराव भी हुआ। इसी संघर्ष में एक युवती की आग लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुनहाना पुलिस ने इस संदर्भ में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सबसे खास बात तो यह है कि लहरवाड़ी गांव में हुए इस झगड़े व आगजनी की घटना सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। पुलिस ने सभी सबूत जुटाकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।







