पलवल, 26 नवंबर — हरियाणा सरकार में खेल, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान कई सिद्धांतों और दृष्टांतों को समेटे है, जिनके आधार पर देश की सरकार और नागरिकों के लिए मौलिक, राजनीतिक , कानून,अधिकार तय किए गए है। राज्य मंत्री गौरव गौतम मंगलवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम पलवल में जिला स्तरीय संविधान दिवस के अवसर पर लोगों को संबोधित कर रहे थे।
संविधान ने देश को एक सूत्र में बांधने का किया कार्य
-राज्य मंत्री गौरव गौतम
इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय उच्च विद्यालय सल्लागढ़ से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक संविधान स्वाभिमान पदयात्रा भी निकाली गई। राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संविधान की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर होडल विधायक हरेंद्र कुमार,जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी,एसडीएम पलवल ज्योति भी मौजूद थी।राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हर साल 26 नवम्बर को राष्ट्रीय संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने संविधान को लिखा और भारत की संविधान सभा की ओर से भारत के संविधान के तैयार खाके को अपनाया गया था। इसके बाद ही 26 जनवरी 1950 को देश का संविधान लागू किया गया था। संविधान ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। भारतीय संविधान सिर्फ कानूनों का एक संग्रह नहीं है,यह भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है। यह हमें अधिकार देता है,उसके साथ अपने कर्तव्य को भी याद दिलाता है।गौरव गौतम ने कहा कि यह दिन बेहद अहम है। देश के लोगों को भारत देश के संविधान के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से 26 नवंबर का दिन संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। संविधान दिवस की थीम ‘हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान’ रखी गई है। युवा पीढ़ी को संविधान के बारे में जागरूक होना चाहिए.
गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान के बारे में आमजन को जागरूक करने के लिए देशभर में संविधान दिवस मनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि मोदी के कुशल मार्गदर्शन में भारत वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत,विकसित भारत बनेगा और दुनिया में अपनी अलग छाप छोड़ेगा। देश के युवा भारत को आगे ले जाने में अग्रिम भूमिका निभाएगें।







